बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
सेवा कार्य के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होती, इस बात को सही साबित कर रही हैं 85 वर्षीय कच्चा बाग निवासी बुजुर्ग महिला इशारो व 70 वर्षीय विजय नगर कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला ब्रम्हो ने। ये दोनों शहर के शहीद भगत सिंह पार्क से हरी घास काटकर बेसहारा गोवंशों को खिलाती हैं। दोनों ने बताया कि जब उन्होंने बेसहारा गोवंशों को कूड़े में गंदगी खाते देखा तो उनके दिल में भूखे बेसहारा गोवंश की मदद करने की इच्छा हुई। इसके बाद वे दोनों हर रोज इतनी घास काटती हैं कि दस गोवंश आराम से अपना पेट भर सकें। दोनों बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार घास काटकर वे ना केवल बेसहारा गोवंश का पेट भरती हैं, बल्कि घास काटने से उनके शरीर की कसरत भी हो जाती है और उनका शरीर बीमारियों से भी दूर रहता है। ये दोनों बुजुर्ग महिलाएं समाज के अनेक बुजुर्गों के लिए प्रेरणास्रोत का काम कर रहीं हैं कि किस प्रकार उम्र के अंतिम पड़ाव में भी हम जीवसेवा के साथ-साथ अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं।

