बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
हरियाणा महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष व वार्ड 30 से पार्षद डा. नीना सतपाल राठी ने न केवल बहादुरगढ़ बल्कि सूबे में बढ़ते अपराधों पर चिंता चताई है। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ क्षेत्र मेें लूटपाट, फिरौती, हत्या, स्नेचिंग व अन्य आपराधिक घटनाएं हो रही है लेकिन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश की गठबंधन सरकार फेल हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए और आमजन को भयमुक्त माहौल दिया जाना चाहिए।
अपने कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि प्रदेश में जनता की सुध लेने की बजाय मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के बीच सीआईडी महकमे की लड़ाई ज्यादा अहमियत रखती है। प्रदेश की सरकार में शामिल दोनों गठबंधन के लोग आपसी खींचतान में व्यस्त हैं। जिससे प्रदेश की जनता पूरी तरह से हताश व निराश है। गठबंधन सरकार में समन्वय नाम की कोई चीज नहीं है।
बाक्स-1
बढ़ रहा अपराध का ग्राफ
डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि प्रदेश में न तो विकास हो रहा है और न ही जनहित में कोई कदम सरकार की ओर से उठाए जा रहे। बल्कि पूरे प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। बहादुरगढ़ में लूटपाट, फिरौती मांगने समेत अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ रही है लेकिन इन पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। पुलिस थानों में स्टॉफ की कमी भी है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके इसको ध्यान रखते हुए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए
सार्थक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। जिससे पार्कों में घूमने के लिए आने वाली महिलाएं व अन्य लोग भी अपने को असुरक्षित मान रहे हैं। महिलाओं के विरुद्ध अपराध बढ़ रहे हैं।
बाक्स-2
हर वर्ग के लोग परेशान
प्रदेश में बेरोजगारी की दर भी लगातार बढ़ रही है तो वहीं किसान सरकार की गलत नीतियों से परेशान है। उद्योग धंधे चौपट हो रहे हैं और क्राइम लगातार बढ़ता जा रहा है। इन सबके बावजूद जनता की सुध लेने की बजाय सीआईडी महकमे की लड़ाई इनके लिए ज्यादा अहमियत रखती है। भाजपा-जजपा का कॉमन मिनिमम प्रोग्राम आज तक नहीं बन पाया है। उन्होंने प्रदेश में किसानों के साथ हुए धान खरीद घोटाले की सीबीआई से जांच कराए जाने की आवाज भी उठाई है।
बाक्स-3
नेता जी सुभाष चंद्र बोस को किया नमन
डा. नीना सतपाल राठी ने नेता जी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का साहस हर भारतीय को गौरवान्वित करता है। वे हमारे सबसे लोकप्रिय राष्ट्र नायकों और स्वतंत्रता संग्राम के महानतम सेनानियों में से हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी बोस महान बुद्धिजीवी थे, जिन्होंने हमेशा समाज के वंचित वर्गों की भलाई और हितों के बारे में सोचा। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन त्याग और बलिदान से परिपूर्ण है। उन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन करके आजादी की मशाल को प्रज्जवलित किया था।
