बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
वार्ड -30 के सैनिक नगर स्थित बारात घर में दिव्या ज्योति जागृति संस्थान की ओर से 5 दिवसीय शिव कथा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर हरियाणा किसान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतपाल राठी ने शिरकत की। उन्होंने यहां पर दीप प्रज्जवलित कर पूजा अर्चना भी की। साथ में भगवान शिव की महिमा पर विस्तार से प्रकाश भी डाला।
इससे पहले उनका यहां पहुंचने पर आयोजकों की ओर से अभिनंदन किया गया। कथा वाचक स्वामी अभेदानंद, स्वामी संभुरिसनंद, स्वामी सूर्यानंद, स्वामी सुबोनानंद द्वारा तिलक लगाकर व संस्थान का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। मुख्यातिथि सतपाल राठी ने संस्थान को 11 हजार रुपये दान स्वरूप भेंट किए। इस मौके पर अपने संबोधन में सतपाल राठी ने भगवान शिव की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिव कथा का जीवन में बहुत महत्व है। भगवान शिव अनंत व निराकार है। वह देवों के देव महादेव हैं। शिव का अर्थ ही है कल्याणस्वरूप और कल्याणप्रदाता। परमब्रह्म के इस कल्याण रूप की उपासना उटच्च कोटि के सिद्धों, आत्मकल्याणकामी साधकों एवं सर्वसाधारण आस्तिक जनों सभी के लिए परम
मंगलमय, परम कल्याणकारी, सर्वसिद्धिदायक व सर्वश्रेयस्कर है। भगवान शिव की कथा को सुनने से मनुष्य सब पापों से मुक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्राय: सभी पुराणों में शिव को त्याग, तपस्या, वात्सल्य व करूणा की मूर्ति बताया गया है। कहा गया है कि शिव सहज ही प्रसन्न हो जाने वाले व मनवांछित फल देने वाले हैं किंतु शिव पुराण में शिव के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके रहन-सहन, विवाह व उनके पुत्रों की उत्पत्ति के विषय में विशेष रूप से बताया गया है। उन्होंने कहा कि शिव पुराण में प्रमुख रूप से शिव-भक्ति और शिव-महिमा का विस्तार से वर्णन है। भगवान शिव सदैव लोकोपकारी और हितकारी हैं। त्रिदेवों में इन्हें संहार का देवता भी माना गया है। शिवोपासना को अत्यंत सरल माना गया है। सतपाल राठी ने कहा कि
शिव के द्वारा धारण किए गए त्रिशुल, सर्प, चंद्रमा और शीश से बहती गंगा गहन अर्थ लिए हुए हैं। उन्होंने शिव पुराण में वर्णित शिवरात्रि की कहानी के बारे में भी बताया। सतपाल राठी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ को अलग-अलग नामों से याद किया जाता है। कहते हैं कि जिस भाव से हम प्रभु को पुकारते हैं भगवान वैसा ही स्वरूप लेकर हमारे समक्ष प्रगट हो जाते हैं। जो भी मनुष्य शिव कथा का श्रवण करता है वह निश्वित ही अपनी मंजिल व उद्देश्य को प्राप्त कर लेता है। शिव कथा समारोह में इस दौरान रोहतास मलिक, मनोज हुड्डा, किशन देव, पप्पू, दिनेश, मनोज, लक्ष्मण समेत कई अन्य मौजूद रहे।
–फोटो कैप्शन : वार्ड-30 में हुई शिव कथा के दौरान दीप प्रज्ज्वलित करते हरियाणा किसान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतपाल राठी।