बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
वैश्य बी.एड. कॉलेज, बहादुरगढ़ में आज धूमधाम से इको फ्रेंडली होली मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ आशा शर्मा ने छात्राओं को रंगों, खुशियों और पकवानों से भरे इस होली के त्योहार की बधाई दी तथा कहा कि होली भाईचारे के त्योहार के रूप में जाना जाता है। उन्होंने बताया कि होली को वसंत का त्योहार भी कहा जाता है क्योकि इसके आने पर सर्दियां खत्म होती हैं। उत्तर भारत में कहीं कहीं होली को ‘वसंत महोत्सव’ भी कहा जाता है I वसंत की फसल पकने और अच्छी फसल पैदा होने की खुशी में किसान होली का त्योहार मनाते हैं। इस दिन लोग अनेक रंगों और मस्ती-ठिठोरीयों के साथ होली के पावन पर्व का आगमन करते है। प्राचार्या डॉ आशा शर्मा ने छात्राओं को केमिकल भरी होली मनाने से मना किया तथा उन्हें प्रेरित किया कि वह इको फ्रेंडली होली मनाने पर जोर दें तथा अपने घर व परिवार और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि समय लगातार बदल रहा है तथा लोगों की सोच भी बदल रही है। लोग पर्यावरण के प्रति सचेत हो रहे हैं। रंगों के पर्व होली पर लोग अब ईको फ्रेंडली होली ही खेलना पसंद कर रहे हैं। अब लोग रसायनिक रंगों के विकल्प ढूंढने लगे हैं। पानी की समस्या को देखते हुए जल संरक्षण पर जोर देने लेगे हैं। कई गैर सरकारी संगठन भी इसमें जुटे हैं। ये संगठन अपने द्वारा मनाए जा रहे होली मिलन समारोह में चंदन व फूलों से होली खेल रहे हैं। इसके पश्चात सभी छात्राओं ने प्राचार्या और सभी अध्यापकगणों के साथ मिलकर हर्बल गुलाल और फूलों के साथ होली खेली। इस कार्यक्रम का आयोजन दयानंद हाउस की सुश्री किरण, श्रीमती पूनम व कुमारी प्रीत कमल द्वारा कराया गया।
