बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय बहादुरगढ़ के सभागार में सेमिनार एवं सम्मान समारोह कॉलेज के प्राचार्य डॉ दिनेश कुमार की अध्यक्षता में अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं उपमंडल विधिक सेवाएं समिति की चेयरपर्सन के दिशा निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ दिनेश कुमार, समिति सदस्य सत्येंद्र दहिया,डाक्टर राजरानी बंसल, डॉक्टर सरोज पुनहानि, डॉक्टर ज्योति मलिक, डॉक्टर श्रवण बंसल एवं शिक्षाविद सुशीला सांगवान ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि डॉ सरोज पुनहानी ने महिला दिवस समारोह में कहा कि महिलाओं के प्रति सोच बदलने से ही समाज और राष्ट्र प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम से समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। बेटियां व महिलाएं शिक्षित होने पर ही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होगी। कहीं भी बेटी के प्रति अन्याय की बात सामने आती है तो उसकी तुरंत सहायता करनी चाहिए तथा उनको अधिकारों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उपमंडल विधिक सेवाएं समिति आईएमए बहादुरगढ़ महिला डॉक्टर इकाई और राजकीय महिला महाविद्यालय की महिला सेल
द्वारा आयोजित समारोह को डॉक्टर राजरानी बंसल, डॉ सरोज पुनहानी, डॉक्टर श्रवण बंसल, डॉक्टर ज्योति मलिक एवं समिति सदस्य सत्येंद्र दहिया ने भी संबोधित किया। दिल्ली अस्पताल एवं नर्सिंग होम की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रानी बंसल ने कहा कि महिलाओं में प्रतिभा व क्षमता की कमी नहीं है। केवल समाज में महिलाओं को बराबरी का दर्जा और अवसर देने की जरूरत है। महिलाएं खुद को सशक्त कर हिंसा को रोक सकती हैं। समिति सदस्य सत्येंद्र दहिया ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपमंडल विधिक सेवाएं समिति द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ दिनेश कुमार ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया तथा कहा कि आज की नारी बहुत साहसी व सशक्त है। ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जहां महिलाएं ना पहुंची हो। इस अवसर पर क्षेत्र की प्रतिष्ठित महिलाओं को सफलता का मुकाम हासिल करने और समाज सेवा करने के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए डॉक्टर सरोज पुनहानी, एडवोकेट अंजू राठी, डॉक्टर आशा शर्मा, अर्चना पंवार, स्नेह लता, रूबी, तपस्या, प्रियंका, अंजलि तथा गरिमा को सम्मानित किया गया। बी ए प्रथम वर्ष की छात्रा निशा की कन्या भ्रूण हत्या पर कविता को काफी सराहना मिली। कार्यक्रम का संचालन कालेज के लीगल सेल के संयोजक जितेंद्र कुमार एवं समिति सदस्य सत्येंद्र दहिया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एजीलो फाउंडेशन के अध्यक्ष विजय मुदगिल, सक्सेस हाइट्स अकैडमी के एचओडी अमित कुमार, शिक्षाविद सुशीला सांगवान, दीपक मलिक सहित कालेज का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।