बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
इनेलो वरिष्ठ नेता रमेश दलाल अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ सोमवार को झज्जर में होने वाले इनेलो-बसपा के संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए रवाना हुए। इनेलो वरिष्ठ नेता रमेश दलाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला, इनेलो प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा व बसपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती कार्यकर्ताओ से रूबरू होंगे। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है, तभी से बेरोजगारी बढ़ी है। रमेश दलाल ने कहा कि इनेलो-बसपा जनता के सहयोग से प्रदेश की जनविरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष का आह्वान करेगी। और भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अच्छे दिन आने का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार की असलियत जनता के सामने आ चुकी है। पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं जिसका असर आम जन के साथ साथ व्यापार पर भी दिखने लगा है। व्यापार जहां घटने लगा है, वहीं आम जन महंगाई से उभर नहीं पा रहा है।
भाजपा के कुशासन से तंग प्रदेश की जनता: रमेश दलाल
रमेश दलाल ने कहा कि आज हरियाणा की जनता भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है, आज हर वर्ग इनसे परेशान हो चुका है। भाजपा जनता से झूठे वायदे करके सत्ता में आई है, चुनाव के समय किये गये वायदों में से लगभग 4 साल होने पर भी एक भी वायदा पूरा नहीं कर पाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने आगामी चुनावों में वर्तमान भाजपा सरकार को चलता करने का मन बना लिया है। उनका कहना था कि आज प्रदेश की जनता इनेलो को सत्ता सौंपना चाहती है।
फोटो कैप्शन : इनेलो वरिष्ठ रमेश दलाल अपने समर्थको के साथ झज्जर के इनेलो कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए रवाना होते हुए।
