बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
पर्यावरण बचाओ जीवन बचाओ जागरूकता व साक्षरता कार्यक्रमों की श्रंखला में मंगलवार को जाखोदा गांव स्थित बीएलएस यूनिवर्सिटी के सभागार में सीजेएम राजेश यादव के निर्देशानुसार उपमंडल विधिक सेवा समिति के सदस्य सत्येंद्र दहिया द्वारा एक नि:शुल्क कानूनी जागरूकता व साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए समिति सदस्य दहिया ने सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के संबंध में आह्वान करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक जागरूकता लाने के लिए इसकी शुरुआत 1972 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन में की गई थी। पर्यावरण सामान्य अर्थों में हमारे जीवन को प्रभावित करने वाले सभी जैविक और अजैविक तत्वों,तथ्यों, प्रक्रियाओं और घटनाओं से मिलकर बनी हुई इकाई है जो हमारे चारों ओर व्याप्त है तथा हमारे जीवन की प्रत्येक घटना इसी पर निर्भर करती है।इसलिए आज हमें सबसे ज्यादा जरूरत है पर्यावरण संकट के मुद्दे पर आम नागरिकों को जागरूक करने की। उन्होंने सभागार में उपस्थित सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में संस्थान के निदेशक डॉक्टर नरेंद्र शर्मा ने कहा कि मनुष्य धरती पर प्रकृति द्वारा बनाए गए सबसे बुद्धिमान प्राणी के रूप में माना जाता है।उसे तरह तरह की तकनीकी उन्नति की उत्सुकता बनी रहती हैं। हर किसी के जीवन में इस तरह की कई तकनीकी प्रगति ने धरती पर जीवन को दिन प्रतिदिन खतरे में डाल दिया है और हमारा पर्यावरण धीरे-धीरे नष्ट हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज औद्योगिक कंपनियों के धुए से प्राकृतिक हवा को प्रदूषित किया जा रहा है। इससे बचने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए अपने जन्मदिन पर पौधरोपण करने का संकल्प कराया। शिविर में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया गया। शिविर में विवेक एवं राकेश राठी ने भी अपने विचार रखे। यूनिवर्सिटी परिसर में पौधरोपण भी किया गया तथा उनकी देखभाल का भी संकल्प लिया गया। मंच संचालन सोनिका जून ने किया तथा धन्यवाद प्रस्ताव हर्ष और प्रीति द्वारा किया गया। उन्होंने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद किया। इस अवसर पर वन विभाग से रामबीर कादियान, पीएलवी मनवीर, ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल के सुपरवाइजर हरीश कुमार, ललिता, विकास, संदीप सिंह राहुल आदि सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा।

