बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
शहर के वार्ड नंबर-26 के अंतगर्त आने वाले आकाशदीप नामक डिपो नंबर-320 से इस माह राशन ना मिलने की वजह से लोग परेशान है। लोगों का आरोप है कि विभाग के अनुसार, डिपो होल्डर के पास 90 क्विंटल गेंहू पहले से बचा हुआ है लेकिन डिपो होल्डर पीछे से राशन ना आने की बात कह कर पल्ला झाड रहा है। डिपो होल्डर व अधिकारियों में तालमेल के आभाव का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड रहा है। कई गरीब परिवारों का तो गुजर बसर ही इस राशन से होता है लेकिन इस खराब तंत्र के कारण उनके सामने भूखे मरने तक की नौबत आ गई है। जबकि शहर के दूसरे वार्डों में राशन वितरित किया जा चुका है। वार्ड वासियों ने डिपो होल्डर पर लापरवाही बरतने व राशन कभी भी समय पर नहीं देने के आरोप लगाए है।
वार्ड निवासियों मंजू, लक्ष्मी देवी, सुनीता, शिव कुमारी, सीमा, रीटा, सुदेश, ललिता, पिंकी, राधा रानी, संतोष रानी, मधु, चंचल रानी आदि का कहना है कि उनके वार्ड में जो आकाशदीप नाम का डिपो होल्डर डिपो नंबर-320 है वो कभी भी राशन समय पर नहीं देता। हर दूसरे महीने डिपो होल्डर इसी प्रकार की लापरवाही करता है। कुछ महीनों पूर्व भी चार महीने का राशन उसने नहीं दिया था और इस बार भी चालू महीने जाने को है। लेकिन राशन अभी तक नहीं बांटा गया है। उन्होंने कहा कि जब डिपो होल्डर से राशन के संबंध में पूछा जाता है तो वो कहता है कि पीछे से राशन नहीं आया है। जबकि शहर के बाकी सभी वार्डों में राशन बांटा जा चुका है। राशन ना मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। वार्ड में कई बीपीएल परिवार है जिनका गुजर बसर केवल राशन के अनाज से होता है लेकिन अब तक राशन ना मिलने के कारण उन्हें अपने परिवार के पालन पोषण में भी दिक्कतें आ रही है। आज उन्हें बाजार से महंगे दाम का आटा आदि खरीदना पड रहा है। जिससे उन्हें आर्थिक तंगी उठानी पड रही है। लोगों का कहना है कि बार-बार वे राशन डिपो के चक्कर काट रहे है लेकिन जब भी वह आते है तो उन्हें डिपो पर ताला लगा मिलता है। जिसकारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पडता है। बार-बार कहने के बाद भी डिपो होल्डर उनकी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
वार्ड के लोगों का कहना है कि पहले भी पार्षद पति कपूर सिंह राठी ने उनकी समस्या का हल करवाया था और आज भी उन्होंने स्वयं मौके पर आकर उनकी समस्याएं सुनी है। जिसके बाद उन्होंने डिपो होल्डर को भी फोन कर कहा है और मौके पर ही एसडीएम बहादुरगढ से भी बात कर उनकी समस्या से अवगत कराया है। पार्षद पति कपूर सिंह राठी ने लोगों को आश्ववासन दिया कि जिस प्रकार पहले उनकी समस्या का हल कराया गया था। इस बार भी उनकी यह शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी और शीघ्र समस्या का समाधान कराया जाएगा।