बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
गोउपचार केंद्र जाखोदा में रविवार को साप्ताहिक हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन को विधिवत रूप से पंडित अमित मिश्रा ने संपन्न करवाया। हवन पर यजमान के तौर बहादुरगढ़ से संभावित चेयरपर्सन उम्मीदवार नेहा शेखर यादव सपरिवार उपस्थित रही। गोउपचार केंद्र में पहुंचने पर शेखर यादव व नेहा यादव का गौधन सेवा समिति सदस्यों ने पटके पहना कर स्वागत किया। हवन के पश्चात भाजपा नेत्री नेहा शेखर यादव ने गोउपचार केंद्र में बेसहारा घायल, बीमार गोवंश का सेवा कार्य देखा। समाजसेवी यादव ने कहा कि गोधन सेवा समिति घायल व बीमार गोवंश की सेवा करके बड़ा ही पुण्य का कार्य कर रही है। नेहा शेखर यादव ने कहा कि गाय का हमारी भारतीय संस्कृति में काफी महत्व है। गाय को भारतीय संस्कृति में मां का दर्जा प्राप्त है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि आज गोवंश अत्यंत ही दयनीय स्थिति में जीने को मजबूर है। नेहा शेखर यादव ने कहा कि गोवंश की दयनीय स्थिति को सुधारने के लिए समाज को आगे आना चाहिए। हम सभी को अपनी तरफ से हर संभव सहयोग करके बेसहारा गोवंश की स्थिति सुधारनी चाहिए। यादव ने कहा कि गाय की सेवा करने वाला कभी दुखी नहीं रहता। नेहा शेखर यादव ने कहा कि हम सभी को ऐसा प्रयास करना चाहिए कि गोवंश को उसका खोया सम्मान वापिस मिल सके। नेहा शेखर यादव ने गौधन सेवा समिति को घायल बेसहारा गोवंश की सेवा के लिए सहयोग राशि भी भेंट की। इस अवसर पर शेखर यादव व नेहा यादव ने गौधन सेवा समिति को भविष्य में भी बेसहारा घायल गोवंश की सेवा के लिए हर मदद देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रमेश राठी, बिजेंद्र राठी, राजा जून, कृष्ण चावला, विनोद कुमार,सतपाल व अशोक परुथी सहित अनेक गोसेवक उपस्थित रहे।