बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
आज देश और प्रदेश का अन्नदाता पीड़ा, संघर्ष और क़ुर्बानियों के दौर से गुज़र रहा है। अपनी जायज़ मांगों को लेकर वो दिल्ली बॉर्डर समेत प्रदेश के अलग-अलग इलाक़ों में ख़ुले आसमान के नीचे इस कड़कड़ाती ठंड में धरने दे रहा है। ऐसे में नए साल या जन्मदिन का जश्न मनाना उचित नहीं है। ये कहना है राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का। सांसद दीपेंद्र आज नए साल के मौक़े पर मदीना टोल प्लाजा पर किसानों के बीच पहुंचे थे। साल का पहला दिन उन्होंने किसानों के बीच बिताया।
इस मौक़े पर दीपेंद्र हुड्डा ने ऐलान किया कि वो किसान आंदोलन के चलते इस बार 4 जनवरी को अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे। क्योंकि अन्नदाता अगर पीड़ा में है तो हम ख़ुशियां नहीं मना सकते। इसलिए उन्होंने फ़ैसला लिया है कि वो 4 तारीख़ का पूरा दिन किसानों की सेवा में बिताएंगे। वो प्रदेश में जारी अलग-अलग धरनास्थलों पर पहुंचकर किसानों की सेवा करेंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। साथ ही उन्होंने अपने सभी साथियों और शुभचिंतकों से भी यही अपील की। उन्होंने कहा कि आप लोग हर जन्मदिन पर हज़ारों की तादाद में उन्हें
बधाई
और आशीर्वाद देने पहुंचते हैं। लेकिन इस बार ऐसा करने की बजाय आप लोगों को किसानों के बीच पहुंचना चाहिए और उनकी हर संभव मदद और सेवा करनी चाहिए। यहीं तमाम लोगों की तरफ से उनके लिए जन्मदिन का आशीर्वाद होगा।
उल्लेखनीय है कि सांसद दीपेंद्र इससे पहले ट्रॉलियों में सामान लादकर ख़ुद ट्रैक्टर चलाते हुए टिकरी बॉर्डर पहुंचे और किसानों के बीच ज़रूरी सामान वितरित किया। इसके बाद वो आनंद सिंह दांगी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ टोल प्लाजा पर धरना दे रहे किसानों के बीच पहुंचे।
इस मौक़े पर महम से पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी ने कहा कि किसानों की मांगे पूरी तरह जायज़ हैं। 3 कृषि क़ानून पूर्ण रूप से किसानों के ख़िलाफ़ हैं। इसका किसान ही नहीं ग़रीब, मजदूर, आम उपभोक्ता, हर वर्ग पर विपरित असर पड़ेगा। इसलिए सरकार को जल्द से जल्द तीनों क़ानून वापिस लेने चाहिए। 37 दिन से पूरे देश में इतना बड़ा आंदोलन चल रहा है। 40 से ज्यादा किसान अपनी जान की क़ुर्बानी दे चुके हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी बैठी है। आज अन्नदाता और पूरे देश के सामने बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। लेकिन हम लोग पूरी मजबूती से किसानों के साथ खड़े हैं, किसानों के साथ मिलकर संघर्ष करने से हम बिल्कुल भी पीछे नहीं हटेंगे।
इस मौक़े पर सांसद दीपेंद्र और आनंद सिंह दांगी के साथ रोहतक से विधायक बीबी बतरा, चौधरी सोमबीर सिंह, बलराम दांगी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।