बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
वार्ड 18 से कांग्रेसी पार्षद युवराज छिल्लर ने भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार पर रजिस्ट्रियों के मामले में आम जनता को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया है। पार्षद युवराज छिल्लर ने कहा कि सरकार ने रजिस्ट्रियां रोककर आम जनता को धक्के खाने पर मजबूर किया है। 40 दिन से ज्यादा का समय हो गया मगर बहादुरगढ़ में एक भी रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। हरियाणा बनने के बाद अब तक ऐसा नहीं हुआ है कि रजिस्ट्रियां इतने दिन के लिए बंद हुई हों। युवराज छिल्लर ने बताया कि आम जनता ने जमीनों की खरीद-फरोख्त कर रखी थी। लाखों रुपये का सौदा कर रखा था लेकिन रजिस्ट्रियां न होने से उनके पैसे डूबने के कगार पर पहुंच गए हैं। इससे लोगों में निराशा देखने को मिल रही है। उनके काम-धंधे ठप हो गए हैं। सरकार नए-नए नियम लागू करके आम जनता को लूटने का काम कर रही है। अब सरकार की ओर से प्रापर्टी टैक्स, यूजर चार्ज, विकास शुल्क व फायर टैक्स भी एक साथ रजिस्ट्री के समय लिया जा रहा है जो कि गलत है। यह टैक्स जब आम आदमी घर बनाता है और नक्शा पास कराता है तो उस समय दे देता है। मगर सरकार खाली प्लाटों का भी विकास शुल्क लेकर लोगों की जेबें ढीली कर रही है। एक तो काेराेना काल में लोगों के काम धंधे ठप हैं। उनके पास इतने पैसे नहीं हैं और ऊपर से हजारों रुपये के ये टैक्स और लादकर सरकार ने आम आदमी के साथ कुठाराघात किया है। सरकार रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल बनाए और जो भी टैक्स लगाए गए हैं उन्हें वापस ले, वरना सरकार के इस कदम का विरोध किया जाएगा। सरकार ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व्यवस्था तो बना दी लेकिन संसाधन पूरे न होने की वजह से लोगों को टोकन ही नहीं मिल रहे हैं। रिकार्ड अपडेट नहीं है। लोग पैसे जमा कराने के बाद भी धक्के खा रहे हैं। उन्हें एनओसी नहीं मिल रही है। पार्षद युवराज छिल्लर ने सरकार से आम आदमी के हित में कदम उठाते हुए रजिस्ट्री प्रक्रिया साधारण व सरल बनाने की मांग की है।
