बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
आजाद हिंद फौज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के एडीसी रहे स्व.कैप्टन कंवल सिंह दलाल निवासी मांडौठी की धर्मपत्नी पार्वती देवी का सोमवार को लगभग 90 वर्ष की आयु निधन हो गया। स्थानीय रामबाग में पार्वती देवी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार कनब लाकड़ा ने पार्वती देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्घाजंलि अर्पित की। हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने हवाई फायर व शस्त्र उल्टे कर अंंंतिम सलामी दी। उनके बड़े बेटे दलजीत दलाल ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने पार्वती देवी के अंतिम संस्कार में पंहुचकर श्रद्घाजंलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। कैप्टन कंवल सिंह दलाल ने चार अगस्त 2003 को अपनी सांसारिक यात्रा पूरी की थी। शिक्षाविद स्व. पार्वती देवी अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़कर गई हैं।
पूर्व मुख्याध्यापिका स्व.पार्वती देवी का जन्म 1930 में गांव बाघपुर में हुआ था। पार्वती देवी ने महिला शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए अहम भूमिका निभाई। इनको परिवार से ही समाज सेवा और देश सेवा के संस्कार मिले। शिक्षाविद पार्वती देवी के पति कैप्टन कंवल सिंह दलाल आजाद हिंद फौज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के एडीसी रहे और उन्होंने देश की आजादी के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ भारत में ही नहीं विदेशी भूमि पर भी नेताजी के साथ कंधे से कंधा
मिलाकर लंबी लड़ाई लड़ी । इनके बड़े भाई स्व. प्रो शेर सिंह संयुक्त पंजाब सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे और हरियाणा के निर्माण में इनकी उल्लेखनीय भूमिका रही। इनके दूसरे भाई पूर्व विधायक औमप्रकाश बेरी का पंजाब के साथ जल बंटवारे को लेकर चल रहे संघर्ष में अहम योगदान रहा है। स्व. पार्वती देवी के भतीजे विक्रम कादियान वर्तमान में भाजपा के जिला अध्यक्ष हैं।
स्व. पार्वती देवी की अंतिम यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष विक्रम कादियान, पूर्व चेयरमैन कर्मवीर राठी, पूर्व पार्षद राजपाल शर्मा, जितेंद्र राठी, राजपाल आर्य,ईशवर सिंह कादियान, पूर्व प्रधान सज्जन सिंह दलाल, पार्षद अलबेल पहलवान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने शामिल होकर अपनी श्रद्घाजंलि दी।
फोटो : पार्वती देवी
फोटो कैप्शन: हरियाणा पुलिस की टुकड़ी पार्वती देवी के सम्मान मेंं शस्त्र उलटे कर अंतिम सलामी देते हुए ।
फोटो कैप्शन: हरियाणा पुलिस की टुकड़ी पार्वती देवी के सम्मान में हवाई फायर कर सलामी देते हुए ।
