बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की मीटिंग हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने की। इसमें प्रदेश स्तर की सभी पदाधिकारियों ने इसमें बढ़चढ़ कर भाग लिया। मीटिंग में सर्वसम्मति से कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा वापस लेने व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही बने रहने के लिए प्रस्ताव पारित कर इसका समर्थन किया। साथ में हरियाणा में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गांव-गांव व शहर में हर वार्ड स्तर तक पार्टी के संगठन को मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचने व भाजपा की जनविरोधी नीतियों व उनके झूठे जुमलों के बारे में अवगत कराने के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान चलाए जाने पर जोर दिया गया। साथ में बच्चियों व महिलाओं व आमजन के के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर भाजपा सरकार को जमकर कोसा है।
इस बैठक में महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान के नेतृत्व में पार्टी संगठन व हॉल ही में हुए लोकसभा चुनाव को लेकर समीक्षा भी की गई और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए विचार-विमर्श भी किया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पार्षद डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि महिला कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनाव को लेकर पूरा खाका तैयार किया जा रहा है। गांव-गांव व वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने व कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से आमजन को अवगत कराने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव व प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान के नेतृत्व में महिलाओं के हकों को लेकर आवाज उठाई जा रही है। वे भी पिछले लंबे समय से महिलाओं को सशक्त बनाने, उनके अधिकारों को लेकर जागरूक करने व कांग्रेस पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही हैं। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि हमें अपना कार्यक्रम व रणनीति तय कर चुनाव के लिए लड़ाई लडऩी है और इसमें विजयी होना है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राष्ट्रवाद व मोदी के नाम पर वोट मिले हैं जबकि विधानसभा चुनाव में ऐसा कुछ नहीं होगा और भाजपा को इन चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ेगा क्योंकि विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्ट व लोगों को गुमराह करने वाली सरकार साबित हुई है। उसने हॉल में हुए लोकसभा के चुनाव में 2014 में लोगों से किए गए एक भी चुनावी वायदे का जिक्र तक नहीं किया और वे करते भी कैसे क्योंकि उन्होंने एक भी वायदा पूरा नहीं किया। इस जनविरोधी व जुमलों वाली सरकार को सत्ता से बाहर करना है। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि भाजपा संगठन व सरकार ने योजना बनाकर प्रदेश का सदियों पुराना भाईचारा खराब किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर होगा जिसमें कांग्रेस भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। क्योंकि हरियाणा का हर वर्ग भाजपा की मौजूदा सरकार से परेशान है।
बढ़ी बेरोजगारी
प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पार्षद डा. नीना सतपाल राठी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर राज्य के युवाओं को बेरोजगारी की गर्त में धकेलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में निवेश दर व नए उद्योग लगाने में हरियाणा नंबर वन हुआ करता था लेकिन भाजपा ने अपने कार्यकाल में हरियाणा के युवाओं को बेरोजगारी की गर्त में धकेल दिया है। यही नहीं किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी व अन्य वर्ग के लोग भी भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते परेशान हैं। महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ावा हो रहा है और आज स्थिति यह हो गई है कि छोटी बच्चियों से लेकर महिलाएं व आमजन तक सुरक्षित नहीं है।
—फोटो कैप्शन : मीटिंग में महिला कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने व आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विचार-विमर्श करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान व अन्य पदाधिकारी।