बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
नवरात्रों के दौरान दुर्गा अष्टमी पर लाइनपार के न्यू नेता जी नगर में धार्मिक कार्यक्रम हुआ। इसमें महिलाओं ने माता रानी की पूजा अर्चना करते हुए उसकी महिमा का गुणगान किया। भजन-कीर्तन के दौरान महिलाओं ने एक से बढक़र एक मनमोहन भजन गाकर माहौल को पूरी तरह से भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उप प्रधान व पार्षद डा. नीना सतपाल राठी ने शिरकत की। उन्होंने महिलाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे व आगामी चुनाव में अपने वोट का पूरी तरह से सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील भी की।
इससे पहले उनका यहां पहुंचने पर आयोजकों की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। डा. नीना सतपाल राठी ने नवरात्रों के दौरान हुए इस कार्यक्रम में सबसे पहले माता रानी के दरबार में मत्था टेका और सभी के स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की। साथ में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने, अपने अधिकारों को पाने के लिए आगे बढऩे व शिक्षित समाज का निर्माण किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर अपने हकों के लिए आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित किया। साथ में कहा कि महिलाएं अपना पूरा हक लेकर रहेंगी। चाहे उन्हें कितना ही संघर्ष क्यों न करना पड़े इससे वे पीछे नहीं हटेंगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव की महत्ता सबसे अधिक है। ऐसे में हमें अपने वोट की ताकत को अच्छी तरह से समझना होगा। बिना किसी बहकावे में आकर अपनी वोट का इस्तेमाल सोच-समझकर करना होगा कि कौन प्रत्याशी उनकी उम्मीदों पर खरा उतरता है और कौन उनका बनने के बाद काम करेगा। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि महिलाओं को आज जागरूक होने की बेहद जरूरत है क्योंकि जब तक उनमें जागरूकता की कमी रहेगी तब तक वे अपने हकों व अधिकारों की लड़ाई नहीं लड़ पाएगी। जो भी सरकार हमारी सुरक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, रोजगार व विकास कराने का कार्य करेगी उसको लेकर ही हमें अच्छी तरह से सोच-समझकर उसके पक्ष में मतदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उनकी पार्टी की ओर रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव मैदान में है ऐसे में हमें कार्य के प्रति लग्नशील रहने वाले व सभी वर्गों का ख्याल रखने वाले दीपेंद्र हुड्डा के पक्ष में मतदान करना चाहिए। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी और चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे तो तब प्रदेश विकास व प्रति व्यक्ति आय के मामले में नंबर वन था लेकिन जब से भाजपा सरकार बनी है तभी से प्रदेश में विकास अटका हुआ है। उन्होंने भाजपा सरकार को जमकर घेरते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल के दौरान न तो आमजन, किसान, व्यापारी व महिलाएं सब परेशान हैं। पिछले 5 साल में भाजपा ने केवल झूठ व जुमलों की राजनीति करने का कार्य किया है। ऐसे में उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी वोट की ताकत से इस झूठी सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करें। इस मौके पर महिला कांग्रेस शहरी अध्यक्ष राकेश देवी हुड्डा, पिंकी, मूर्ति, दर्शना, नीलम, सरिता, शीला, मनोज हुड्डा, मोंटी सोलधा व रोहतास मलिक भी मौजूद रहे।
-फोटो कैप्शन : लाइनपार के न्यू नेताजी नगर में हुए कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उप प्रधान व पार्षद डा. नीना सतपाल राठी का स्वागत करते हुए महिलाएं।