बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार.
कांग्रेस सरकार के दौरान हमने एनसीआर प्लानिंग बोर्ड के माध्यम से करीब 70 करोड़ रुपए शहर की पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से खर्च किए थे। अब भाजपा सरकार अमृत योजना के तहत उन्हीं गलियों में उतनी ही क्षमता की पेयजल लाइनें बिछा रही है तो इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। यह कहना है रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का। वे महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष डा. नीना सतपाल राठी के निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पार्षद डा. नीना सतपाल राठी के आमजन को लेकर करवाए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने के साथ ही महिलाओं की सशक्त आवाज बनने के अलावा भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने में सबसे आगे रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के नित नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। लोगों को गुमाराह कर सत्ता में आने वाली भाजपा क्षेत्र में नए विकास कार्य करने तो दूर उनके द्वारा शुरू किए गए प्रोजेक्टों को ही सिरे चढ़ाने में विफल रही है।
जिस कारण इलाके के लोग में भारी रोष व्याप्त है। शहर में कांग्रेस व भाजपा के कथित गठबंधन के सवालों का जवाब देने से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार बचते रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ भाजपा को क्षेत्र व प्रदेश में हराने के लिए एकजुट हैं। एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि जींद उपचुनाव में कांग्रेस की जीत निश्चित है। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी दस सीटों पर कांग्रेस विजयी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में मंजूर प्रोजेक्ट या तो अधूरे पड़े हैं, या फिर उनके आकार को घटाकर लोगों के हितों पर
कुठाराघात किया गया है। बराही, दुल्हेड़ा व मातन गांव के बाइपास ठंडे बस्ते में डाल दिए गए हैं। बालौर चौक व नया गांव चौक पर अंडरपास का निर्माण तक शुरू नहीं हुआ। वेस्ट जुआं ड्रेन की रिमॉडलिंग भी सिकुड़ गई और साढ़े 4 साल पहले 32 करोड़ रुपए जमा करवाने के बावजूद रेलवे अंडर ब्रिज का काम अधूरा पड़ा है। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि क्षेत्र के विकास को गति देने की बजाय भाजपा के लोग अपने विकास में जुट गए, जिसका खामियाजा इलाके की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों के साथ ही भाजपा के सफाये की शुरूआत हो गई है। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज सिंह जाखड़, समुंद्र राठी, सतपाल राठी, सुरेंद्र खत्री, पूर्व सरपंच राज गुलिया, पूर्व पार्षद वजीर राठी, राजकुमार नागपाल, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष असलम खान, राकेश देवी हुड्डा, धर्मेंद्र राठी, रोहताश मलिक, महिपाल मलिक, डा. नरेंद्र, मनीष गहलौत, रामधन दलाल, मास्टर सूबे सिंह समेत कई अन्य मौजूद रहे।
–फोटो कैप्शन : प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पार्षद डा. नीना सतपाल राठी के कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद दीपेंद्र सिंह
