बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
शहर के बीचोंबीच से होकर गुजर रही वेस्ट जुआं ड्रेन पर चल रहा कार्य एक बार फिर विवादों में आ गया है। वेस्ट जुआं ड्रेन के साथ लगती कालोनी कबीर बस्ती के निवासियों ने ड्रेन के कार्य में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया है। आज कबीर बस्ती के लोगों के बुलावे पर वेस्ट जुआ ड्रेन पर विवादित स्थान पर मौका देखने पहुंचे पूर्व विधायक नफे सिंह राठी ने कहा कि ड्रेन के कार्य में भारी अनियमितताएं है और भेदभाव पूर्ण तरीके कार्य किया जा रहा है। जिसे जनहित में कतई बदार्शत नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को लेकर 26 नवंबर सोमवार को कबीर बस्ती के लोगों के साथ शहर में प्रदर्शन किया जाएगा और नगर परिषद अधिकारियों व उपमंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर समस्या से अवगत कराया जाएगा।
वेस्ट जुआं ड्रेन पर कबीर बस्ती के पास पहुंचे पूर्व विधायक नफे सिंह राठी को वार्ड नंबर-31 के लोगों ने बताया कि ड्रेन को जो पक्का करने का कार्य किया जा रहा है उसमें भारी भेदभाव बरता जा रहा है। जबकि रिकार्ड के अनुसार जो नक्शा है उस हिसाब से कार्य किया जाना चाहिए। लेकिन ड्रेन को मनचाहे तरीके से कही से थोडा तो कहीं से ज्यादा पक्का किया जा रहा है। वार्ड नंबर-31 की कबीर बस्ती में गरीब व आरक्षित वर्ग के लोग रहते है जिन्हें सत्ता व सरकारी दबाव से दबाया जा रहा है और उनके मकानों को तोडा जा रहा है। जबकि सरकार के चहेते व दबंग लोगों के मकानों को हाथ तक नहीं लगाया जा रहा है। पूर्व विधायक नफे सिंह राठी ने कहा कि कबीर बस्ती में दशकों से लोग अपने मकान बना कर रह रहे है। लेकिन सत्ता के नशे में चूर लोग गरीब जनता के मकानों को उजाडने का काम कर रहे है और अपने नजदिकियों के मकानों को कानून से ऊपर उठकर बचाने का काम कर रहे है। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक को लोगों ने रिकार्ड दिखाया और मदद करने की बात कही। जिस पर पूर्व विधायक नफे सिंह राठी ने कहा कि गरीबों पर अत्याचार सहन नहीं किया जाएगा और जनता के हितों की आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जुल्म और ज्यादती करने वाली सरकार है आम जनता के हितों से इसका कोई लेना देना नहीं है। जो जनता की आवाज को उठाता है उसके खिलाफ सरकार झूठे मुकद्दमें बनाने का काम करती है। लेकिन वे जनता के हितों की आवाज उठाते रहेंगे और ऐेसे झूठे लोगों के बेबुनियाद मुकद्दमों से डरने वाले नहीं है। उन्होंने सदा भ्रष्टाचार के खिलाफ जनहित की आवाज उठाई है और उठाते रहेंगे। इस मौके पर वार्ड नंबर-31 से पार्षद शशि कुमार, पार्षद पुत्र काली प्रधान, सुनील सुनील नंबरदार, सतीश, सुरेश, शमशेर, अशोक, इंद्र, प्रवीण, नरेंद्र राठी आदि भी इस मौके पर मौजूद रहे।
