बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
यमुनानगर में आयोजित की गई हरियाणा स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में झज्जर जिले की खिलाड़ी दीपिका ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। सर्वाधिक भार उठाने के कारण खिलाड़ी दीपिका को बेस्ट लिफ्टर के खिताब से नवाजा गया है। झज्जर वेटलिफ्टिंग टीम के कोच धर्मेंद्र ने बताया कि हाल ही में यमुनानगर में हरियाणा स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में झज्जर जिले के कई खिलाड़ियों ने पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह सभी खिलाड़ी बहादुरगढ़ के दहकोरा गांव में प्रैक्टिस करते हैं। कोच धर्मेंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता के 49 किलोग्राम भार वर्ग कैटेगरी में दीपिका ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। दीपिका ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 169 किलोग्राम भार उठाया। वहीं 40 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ी ऋतु ने कांस्य पदक हासिल किया है। वहीं 59 किलोग्राम भार वर्ग में मनदीप ने स्वर्ण पदक हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। विजेता खिलाड़ियों का देहकोरा गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर पावर लिफ्टिंग के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अश्वनी मलिक ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उन्हें भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर नन्हे खिलाड़ी नीरज, सविता, सचिन, अतुल, मनु के साथ साथ मनोज नयागांव और नीटू फरमाना में भी विजेता खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।
फोटो कैप्शन:- विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अश्वनी मलिक और टीम के कोच धर्मेंद्र।