बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
शहर के देवीलाल पार्क में हड़ताल पर बैठे रोडवेज कर्मचारियों
के बीच रविवार को पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून पहुंचे और उनकी मांगों को जायज कारार देते हुए पार्टी व अपना समर्थन दिया। राजेंद्र सिंह जून ने कहा कि हरियाणा रोडवेज से प्रतिदिन कई हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। हड़ताल से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजेंद्र जून ने सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध करते हुए रोडवेज कर्मचारियों के निलंबन व नौकरी से हटाए जाने के निर्णय का कड़ा विरोध किया और रोडवेज कर्मचारी यूनियन को समर्थन दिया। राजेंद्र जून ने कहा कि सरकार के ये कदम संवैधानिक अधिकारों का भी उल्लंघन है। सरकार को दमनकारी नीति अपनाने की बजाय हड़ताली कर्मचारियों की मांगों को बातचीत के माध्यम से पूरा करना चाहिए। पूर्व विधायक ने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की लड़ाई निजीकरण के खिलाफ है। सरकार विभागों में सुधारीकरण की नीति के बजाय विभागों व कर्मचारियों की छवि जनता की नजरों में खराब करके अपनी मनमर्जी थोपते हुए रोडवेज का निजीकरण करना चाहती है। राजेंद्र जून ने हरियाणा सरकार के रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल पर कीगई कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की और कहा कि कांग्रेस पार्टी आपके साथ है। जून ने रोडवेज कर्मचारी यूनियन को समर्थन देते हुए सरकार को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार अपनी हठधर्मिता भरा रवैया नहीं छोड़ती और रोडवेज कर्मचारियों की जायज मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार नहीं करती तो कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता हड़ताल में शामिल कर्मचारियों के हर आंदोलन में उनका सहयोग देंगे।
