बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
भाजपा के मनोनीत पार्षद राजपाल शर्मा उर्फ पालेराम व उसके साथी द्वारा नगर परिषद कर्मचारी के साथ की गई मारपीट व जातिसूचक शब्द कहे जाने के विरोध में नगर परिषद के गेट के बाहर हडताल पर बैठे कर्मचारियों को आज पूर्व विधायक व इनेलो वरिष्ठ नेता नफे सिंह राठी ने समर्थन दिया। कर्मचारियो को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नफे सिंह राठी ने कहा कि भाजपा के मनोनीत पार्षद पालेराम शर्मा के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए, क्योंकि नगर परिषद के कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोक कर सरकारी काम में बाधा तो उत्पन्न की ही साथ ही कर्मचारी के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्द कह कर उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई।
राठी ने कहा कि पालेराम शर्मा ने कांग्रेस सरकार के दौरान भी सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की थी और बाद में माफी मांगने पर छुट गया था। लेकिन ये बार-बार सफाई कर्मचारियों के साथ जातिसूचक शब्द कह कर अभद्र व्यवहार और मारपीट कर रहा है। उन्होने कहा कि कर्मचारियों के साथ ऐसा अभद्र व्यवहार करने वाले को शीघ्र गिरफ्तार किया जाना चाहिए ताकि आम जनता का विश्वास कानून पर बना रहे। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक भू-माफियाओं व गुंडातत्वों को बढावा दे रहा है। शहर में करोडों रुपये की सरकारी जमीन पर कब्जा करवाया जा रहा है और दूसरी ओर सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पीटा जा रहा है। लेकिन ना तो आम जनता की और ना ही कर्मचारियो की कोई सुनवाई हो रही है। दूसरी ओर भू-माफिया व आपराधिक लोग सरेआम राजनीतिक संरक्षण में खुले आम घूम रहे है।
उन्होंने कहा कि जहां स्वयं स्थानीय विधायक द्वारा एक पुलिसकर्मी को अपने होटल में बुलाकर पीटा जाता हो। वहां पुलिस भी कैसे आम जनता की सुरक्षा कर सकती है और ऐसे विधायक से क्या उम्मीद की जा सकती है। आज शहर में दो मनोनीत पार्षद का तमगा लगवाए सरेआम जनता को परेशान कर रहे है और अपनी दादागिरी दिखा रहे है। एक मनोनीत पार्षद जहां भू-माफियाओं के साथ मिलकर कुंदन सिनेमा की करोडों की जमीन पर कब्जा कर रहा है वहीं दूसरा मनोनीत पार्षद सरेआम कर्मचारी को पीट कर दादागिरी दिखा रहा है। ऊपर से स्थानीय विधायक द्वारा अधिकारियों के जरीए कर्मचारियों पर समझौते का दबाव बनवाया जा रहा है।
राठी ने कहा कि वे तन-मन-धन से कर्मचारियों के साथ है, पहले भी उन्होंने कर्मचारियों की मदद की है और आज भी वे उनके साथ खडे है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय इनेलो-बसपा गठबंधन का है और भविष्य में मजदूरों, कर्मचारियों, किसानों व व्यापारियों की सरकार बनेगी। जिसमें सभी के हितों की रक्षा होगी। इस अवसर पर उनके साथ पार्षद संदीप कुमार, पार्षद शशि कुमार, पार्षद पुत्र रोहित उर्फ काली प्रधान, पार्षद पति कपूर सिंह राठी, रामनिवास सैनी व विपिन टाक आदि भी मौजूद रहे।
—
