बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर जागरूक करने व महिलाओं को सशक्त बनाने व उनको पूरा हक दिलाने के लिए महिला कांग्रेस की ओर से 6 दिवसीय महिला अधिकार यात्रा पूरे हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों में निकाली जाएगी। पंचकूला से 30 सितम्बर को यह यात्रा शुरू होगी और 5 अक्तूबर को गुरुग्राम में इसका समापन होगा। इस रथ यात्रा के लिए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव प्रशासनिक इंचार्ज व वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. नीना सतपाल राठी ने स्पेशल रथ तैयार करवाया है। जिसे शनिवार को उन्होंने दिल्ली-रोहतक रोड स्थित अपने कार्यालय से पार्टी की रोहतक जोन कार्डिनेटर एवं गुरुग्राम की जिलाध्यक्ष पूजा शर्मा की मौजूदगी में चंडीगढ़ के लिए महिला कांग्रेस का झंडा दिखाकर रवाना किया।
डा. नीना सतपाल राठी ने रथ यात्रा को रवाना करने से पहले पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 30 सितम्बर से रथ यात्रा पर महिला कांग्रेस की ब्रिगेड सवार होगी। यह महिला अधिकार यात्रा ऐतिहासिक होगी और इसकी सफलता से सियासी समीकरण भी बदल जाएंगे। महिलाएं एकजुट व संगठित होकर भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेंगी वहीं वर्ष 2019 में कांग्रेस की सरकार बनाने का काम करेंगी। उन्होंने बताया कि 30 सितम्बर से लेकर 5 अक्तूबर तक निकाली जा रही महिला अधिकार यात्रा के माध्यम से हरियाणा के हर जिले में घूमकर महिलाओं को जहां संगठित किया जाएगा वहीं उनके अधिकारों को लेकर बुलंद तरीके से आवाज भी उठाई जाएगी। यही नहीं भाजपा शासनकाल में महिलाओं के साथ बढ़ रहे अत्याचारों, अपराधों के प्रति भी उन्हें अवगत कराते हुए जागरूक किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से भाजपा के झूठे वायदों, जुमलों के बारे में भी पोल खोली जाएगी। डा. नीना सतपाल राठी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं सांसद सुष्मिता देव, हरियाणा महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान के दिशा-निर्देशानुसार व मार्गदर्शन में यह यात्रा पूरे हरियाणा के जिलों में निकाली जाएगी। इसमें न केवल गांवों बल्कि शहरों को भी कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव व प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान के दिशा-निर्देशानुसार उन्होंने अपनी तौर पर यात्रा के लिए स्पेशल रथ तैयार करवाया है। जिसे शनिवार को चंड़ीगढ़ से शुरू होने वाली रथ यात्रा के लिए बहादुरगढ़ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है।
महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं रथ यात्रा की चीफ कोर्डिनेटर डा. नीना सतपाल राठी ने बताया कि महिला कांग्रेस की ओर से पूरे देश में यात्रा निकाली जा रही है। लेकिन हरियाणा में यह यात्रा 30 सितम्बर से पंचकूला से शुरू होगी और 5 अक्तूबर को गुरुग्राम में इसका समापन होगा। यात्रा में पड़ाव के दौरान जहां कुरूक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर मशाल जुलूस निकालकर परिक्रमा की जाएगी वहीं महिलाओं की ओर से हवन भी किया जाएगा। जिसके माध्यम से संदेश देंगे कि जो आज सोई हुई भाजपा सरकार है उसने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का जो नारा दिया था वह पूरी तरह से खोखला व बेकार निकला। यह केवल जुमलों व झूठे वायदों की सरकार बनकर रह गई है। लोगों में भाजपा के प्रति गहरा आक्रोश है। उन्होंंने कहा कि महिलाओं के साथ लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और वे अपने को असुरक्षित मानने लगी है। ऐसे में अब महिलाएं एकजुट होकर अपने अधिकारों व हकों के लिए संगठित होने लगी है। महिला अधिकार यात्रा का मकसद जनता के मुद्दों को उठाने का प्रयास है। रथ यात्रा का यह प्रयास सफल भी होगा और यह यात्रा प्रदेश में ऐतिहासिक होगी। पार्टी में किसी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है। सभी सीनियर लीडरशिप में ही यात्रा व्यवस्थित तरीके से निकाली जा रही है। कांग्रेस महिला अधिकार यात्रा इतिहास रचने जा रही है। मेरा सौभाग्य है कि इस रथ यात्रा को सफल बनाने में मुझे भी अहम जिम्मेदारी पार्टी की ओर से दी गई है। इस इतिहास बनाने में सभी सीनियर लीडर संदेश देंगे कि हम सभी एक है और एक ही हाथ के नीचे संगठित होकर काम कर रहे हैं। महिला कांग्रेस से गुुरुग्राम की जिलाध्यक्ष एवं रोहतक जोन की कोर्डिनेटर पूजा शर्मा ने कहा कि महिला अधिकार यात्रा को लेकर महिला कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। हजारों की संख्या में महिलाएं इसमें भाग लेंगी। यात्रा के 6 दिन में हरियाणा के सभी जिलों को कवर किया जाएगा। यात्रा के दौरान जहां महिला की चौपाल कार्यक्रम होंगे तो कहीं पर सम्मेलन होंगे। चंडीगढ़ के लिए रथ यात्रा रवानगी के दौरान डा. नीना सतपाल राठी के साथ पूजा शर्मा, शहरी अध्यक्ष राकेश देवी, फूलो देवी, सरती देवी, नरेश देवी, संतोष देवी पंच लडरावन, रीतू के अलावा कुलदीप गोच्छवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल राठी, पूर्व पार्षद हरस्वरूप शर्मा, रोहताश मलिक, प्रदीप मलिक समेत कई अन्य मौजूद रहे।
–फोटो कैप्शन : महिला अधिकार रथ यात्रा को चंडीगढ़ के लिए महिला कांग्रेस का झंडा दिखाकर रवाना करते हुए पार्टी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं रथ यात्रा की चीफ कोर्डिनेटर डा. नीना सतपाल राठी व रोहतक जोन कोर्डिनेटर पूजा शर्मा।
