बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल के तत्वाधान में उपमंडल के बराही गांव स्थित राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में स्वास्थ्य परिचर्चा का आयोजन किया गया कार्यक्रम संयोजक समाजसेवी सत्येंद्र दहिया ने बताया कि स्कूल प्रभारी मंजू दहिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बीनू त्रिपाठी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए डॉक्टर बीनू त्रिपाठी ने मासिक धर्म से संबंधित जानकारी दी तथा इस दौरान होने वाली शारीरिक परेशानियों को कैसे दूर किया जाए व इस समय निजी स्वच्छता का ध्यान कैसे रखा जाए इन विषयों पर उपयोगी एवं महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीरियड्स के दौरान महिलाएं शारीरिक और मानसिक बदलाव से होकर गुजरती हैं। इस समय शरीर में होने वाले हार्मोनल चेंज के समय महिलाओं को शरीर की साफ सफाई को लेकर कई सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसा ना करने पर वह बांझपन जैसी गंभीर बीमारी का भी शिकार हो जाती है। पीरियड्स के दौरान महिलाओं को इंफेक्शन का खतरा बना रहता है। इससे बचने के लिए हमेशा सेनेटरी पैड या फिर साफ कपड़े का ही इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पीरियड्स के दौरान पूरे दिन में 8 से 10 गिलास पानी जरूर पीएं तथा रागी, जी, हरी पत्ती वाली सब्जियों और दूध के उत्पादों का सेवन नियमित रूप से करें। सही मासिक धर्म के लिए स्वच्छ भोजन का चयन बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि 10 वर्ष से 14 वर्ष तक की युवतियों को बच्चेदानी के मुंह के कैंसर जैसी भयानक बीमारी से बचने के लिए टीकाकरण कराना चाहिए। अपने अध्यक्षीय संबोधन में स्कूल की प्रभारी मंजू दहिया ने इस स्वास्थ्य परिचर्चा को छात्राओं के लिए बहुत ही उपयोगी बताया तथा डॉक्टर बीनू त्रिपाठी का धन्यवाद किया की उन्होंने इस नेक कार्य के लिए उनके विद्यालय को चुना। इस अवसर पर सत्येंद्र दहिया एवं ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल के मैनेजर विक्की शर्मा सहित स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।