बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आसोदा में लीगल लिटरेसी क्लब के अंतर्गत कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं उपमंडल विधिक सेवा समिति की चेयरपर्सन न्यायधीश मानसी धीमान के दिशा निर्देशानुसार किया गया। उपमंडल विधिक सेवा समिति की ओर से यह आयोजन किया गया। समिति सदस्य सत्येंद्र दहिया ने कानूनी जागरूकता शिविर का शुभारंभ करते हुए क्लब के सदस्यों को कानूनी अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने कानूनी सहायता, मौलिक अधिकार एवं कर्त्तव्य, सूचना का अधिकार शिक्षा का अधिकार एवं महिलाओं के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जगह जगह जाकर कानूनी साक्षरता कैंप लगाने का उद्देश्य है न्याय सबके लिए। लोगों को जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा की जा रही गतिविधियों का पता चले ताकि लोग अपनी समस्याएं सुलझा सके और जारी स्कीम का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। समिति सदस्य सत्येंद्र दहिया ने क्लब के सदस्यों को मोटिवेट करते हुए कहा कि न्यायपालिका का प्रयास है कि जन-जन और घर-घर तक निशुल्क कानूनी परामर्श सेवाएं पहुंचे। स्कूली लीगल लिटरेसी क्लब की संयोजिका उपदेश एवं सुनील कुमार ने संयुक्त रुप से बताया कि स्कूल प्राचार्य पवन गोयल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में उपमंडल विधिक सेवा समिति के सदस्य सत्येंद्र दहिया ने मुख्य वक्ता एवं ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल के मैनेजर विक्की शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रुप में शिरकत की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में स्कूल के प्राचार्य पवन गोयल ने जागरूकता शिविर को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि छात्रों को विभिन्न कानूनी व सामाजिक विषयों के बारे में अवगत कराना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल के मैनेजर विक्की शर्मा सहित स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा