बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की ओर से दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में मंगलवार 7 अगस्त को महिला अधिकार सम्मेलन होगा। इसकी सफलता के लिए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव प्रशासनिक इंचार्ज एवं पार्षद डा. नीना सतपाल राठी ने सोमवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सांखोल, लोवा माजरा समेत कई गांवों के अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर सभा करते हुए महिलाओं को न्यौता दिया और अधिक से अधिक संख्या में इसमें भाग लेने का आह्वान किया। डा. नीना सतपाल राठी ने गांव सांखोल में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की ओर से मंगलवार को दिल्ली में यह महिला अधिकार सम्मेलन किया जा रहा है। इसकी अध्यक्षता महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव करेंगी, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी इसमें विशेष रूप से शिरकत करेंगे। हरियाणा से प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान के नेतृत्व में 5 हजार महिलाएं इसमें भाग लेंगी, जबकि बहादुरगढ़ से उनके नेतृत्व में एक हजार महिलाएं पूरे जोश व उत्साह के साथ इस सम्मेलन में शिरकत करेंगी। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि महिला कांग्रेस राजनीति में 33 प्रतिशत महिलाओं के आरक्षण की वकालत कर रही है। यही नहीं पहली बार महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र पर भी इसमें चर्चा होगी और इसमें देशभर से आई महिलाएं अपने विचार रखेंगी। सम्मेलन में महिला कार्यकर्ता बढ़चढ़ कर हिस्सेदारी करते हुए जहां कांग्रेस पार्टी के संगठन को मजबूत आधार देने का काम करेंगी वहीं वर्ष 2019 में देश को भाजपा मुक्त बनाने में जुट जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल
गांधी इस सम्मेलन में महिला शक्ति एप से जितनी भी महिला कार्यकर्ता जुड़ी है उनके बारे में भी चर्चा करेंगे। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि हरियाणा के हर जिले से महिलाएं इसमें भाग लेंगी क्योंकि पिछले 4 साल से अधिक समय में भाजपा राज में महिलाएं सबसे ज्यादा प्रताडि़त हुई है। आज हरियाणा प्रदेश में सरेआम बेटियों की आबरू लूटी जा रही है। अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। जो हरियाणा कांग्रेस शासनकाल के दौरान प्रति व्यक्ति आय व विकास में नंबर वन था वह हरियाणा अब अपराध में नंबर वन बनकर रह गया। भाजपा सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने की बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठी है। अगर सरकार महिलाओं के प्रति गंभीर होती तो गुरुग्राम, फरीदाबाद पंचकूला, सोनीपत, अंबाला व अन्य कुछ जगहों पर गैंगरेप व अन्य अपराधों की पुनरावर्ती न होती। उन्होंने कहा कि भाजपा के असली चेहरे को महिला कांग्रेस दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में 7 अगस्त को एकजुटता दिखाते हुए उजागर करेगी। आज स्थिति यह है कि बेरोजगारी व महंगाई की मार से आमजन परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को रोजगार तो नहीं दिए लेकिन जीएसटी व नोटबंदी लागू कर छोटे से लेकर बड़े दुकानदार का काम धंधा चौपट करने का काम किया है। जीएसटी की मार से काफी लोगों के रोजगार छीन गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो सभी लोगों को साथ लेकर उनकी भलाई के लिए सोचते हुए नीतियां बनाती है। उनको रोजगार के साधन उपलब्ध कराती है। ऐसे में आमजन का ख्याल रखने वाली कांग्रेस पार्टी को फिर से सत्ता में लाना होगा और भाजपा जैसी जनविरोधी पार्टी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना होगा। महिला अधिकार सम्मेलन का न्यौता देने के दौरान डा. नीना सतपाल राठी के साथ कमला, किताबो, कौशिल्या, जगमति, भावना, सुमित्रा देवी, संतोष, मुकेश, राजवंती, संतरा देवी, राजरति, विनोदी, बिमला, बबली, सुमित्रा व सरोज देवी के अलावा कई अन्य महिला कार्यकर्ता साथ रही।
-फोटो कैप्शन : गांव लोवा माजरा में महिलाओं को दिल्ली में मंगलवार को होने वाले महिला अधिकार सम्मेलन का न्यौता देते हुए डा. नीना सतपाल राठी।
