बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
हॉल ही में भुटान के शिम्पू शहर में आयोजित हुई चौथी इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाली साक्षी का नेहरू पार्क के गुरुद्वारा साहिब में जोरदार स्वागत किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव एवं प्रशासनिक इंचार्ज डा. नीना सतपाल राठी ने शिरकत की। उन्होंने विजेता बेटी साक्षी को प्रोत्साहित करते हुए 11 हजार रूपये की माला व राहुल गांधी महिला सम्मान के नाम से स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। यही नहीं उसके कोच रजनेश चौधरी को भी सम्मानित किया गया।
इससे पहले डा. नीना सतपाल राठी का समारोह में पहुंचने पर आयोजकों की ओर से जोरदार अभिनंदन भी किया गया। विजेता खिलाड़ी साक्षी का सम्मान करते हुए डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपना मुकाम हासिल कर देश, प्रदेश व परिवार को गौरवांवित कर रही है। बेटियां न केवल शिक्षा बल्कि खेलों, चिकित्सा, विज्ञान एवं व अन्य प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हुए अपना दमखम भी दिखा रही है। बेटियों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। बेटियों व महिलाओं को सशक्त बनाना चाहिए। उनके हकों के लिए निरंतर आवाज उठाते रहना चाहिए और उन्हें सुरक्षित माहौल भी देना चाहिए ताकि वे अपने लक्ष्य को पा सके। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने शासनकाल में जो खेल नीति बनाई थी उसके चलते ही आज बेटियां हर क्षेत्र में अपना नाम चमका रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार की खेल नीति की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का मौका दिया। यही नहीं पदक लाओ-पद पाओ व उनके खेल के प्रदर्शन के आधार पर नौकरियों में पद देकर उनका सम्मान करने का काम किया है। डॉ नीना ने भाजपा सरकार की खेल विरोधी नीति की आलोचना करते हुए कहा कि यह सरकार खिलाडिय़ों को सम्मान देने की बजाय उनके मनोबल को गिराने का काम कर रही है। यही नहीं खिलाडिय़ों के साथ भी भेदभाव बरता जा रहा है। इसका खामियाजा आने वाले चुनाव में भाजपा को भुगतना पड़ेगा। साक्षी के सम्मान समारोह के दौरान कोच रजनेश चौधरी, नजमा, हरविंद्र कौर, भावना, किरण, रेशमा, गुुरुद्वारा कमेटी प्रधान हरभजन सिंह, गुरदीप सिंह, ज्ञानी निर्मल सिंह, सुखविंद्र, कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ महासचिव सतपाल राठी, रोहतास मलिक, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला चेयरमैन असलम खान, राज गुलिया, मनीष गहलोत, मोंटी सौलधा, प्रदीप मलिक, पार्षद शशि कुमार, पार्षद संदीप कुमार के अलावा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
–फोटो कैप्शन : गोल्ड मेडल जीतने वाली खिलाड़ी साक्षी को सम्मानित करते हुए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव प्रशासनिक इंचार्ज डा. नीना सतपाल राठी व अन्य।
