बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
सत्ता के नशे में चूर हरियाणा प्रदेश की सत्ताधारी भाजपा सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है। बहादुरगढ़ सहित पूरे प्रदेश में 30000 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हुए हैं मगर खट्टर सरकार सफाई कर्मचारियों की मांगे पूरी करने की बजाय तानाशाही रवैया अपना कर अपने ही सबका साथ सबका विकास के नारे को झूठा साबित कर रही है। सफाई कर्मचारियों के इस हड़ताल में आंदोलन में इंडियन नेशनल लोकदल व उसकी सहयोगी बहुजन समाज पार्टी सफाई कर्मचारियों के साथ है। यह बात इनेलो जिलाध्यक्ष कर्मबीर राठी ने बहादुरगढ़ नगर परिषद पर पिछले 11 दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों को समर्थन पत्र सौंपते हुए कही। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कर्मबीर राठी ने 5100 रूपए की राशि भी हड़़ताल पर बैठे कर्मचारियों को सहयोग स्वरूप भेंट की।
कर्मबीर राठी ने सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हड़ताल पर बैठे कर्मचारी अपने आप को अकेला महसूस ना करें क्योंकि इंडियन नेशनल लोकदल व बहुजन समाज पार्टी के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता इस आंदोलन में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंनेे प्रदेश की खट्टर सरकार पर बरसते हुए कहा कि यह सरकार पूर्ण रुप से गरीब विरोधी सरकार है जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण मेहनतकश सफाई कर्मचारियों की 11 दिनों से की जा रही हड़ताल है। इनेलो जिलाध्यक्ष कर्मबीर ने कहा कि बड़े ताज्जुब की बात है सफाई कर्मचारी पूरे प्रदेश में हड़ताल पर बैठे हुए हैं और मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को मान कर हड़ताल समाप्त करवाने की दिशा में कोई पहल नहीं की है। सफाई कर्मचारियों के सभी मांगे जायज हैं इसलिए सत्ताधारी भाजपा सरकार को सफाई कर्मचारियों की सभी मांगों को लागू करना चाहिए ताकि कर्मचारी अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें। इनेलो हलकाध्यक्ष राजबीर परनाला ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से साफ हो गया है कि हरियाणा की भाजपा सरकार पूर्ण रूप से कर्मचारी विरोधी सरकार है। इस अवसर पर नरदेव दहिया जिला संगठन सचिव,किशन पूर्व सरपंच, राजेश तंवर पूर्व पार्षद, भूप सिंह परनाला जगबीर रूहिल, रमेश राठी, संजय परनाल ,सुमित कुमार, ललित यादव आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन :- हड़ताल पर बैठे हुए सफाई कर्मचारियों को समर्थन पत्र सौंपते हुए इनेलो जिलाध्यक्ष कर्मबीर राठी, हलकाध्यक्ष राजबीर परनाला।