बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से शहर के मोहन नगर स्थित विजया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को खसरा और रूबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य विभाग के अर्बन कंसलटेंट डॉक्टर गगन जैन एवं स्कूल के वाइस प्रिंसिपल साइबल विश्वास ने संयुक्त रुप से किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में उपमंडल विधिक सेवाएं समिति के सदस्य सत्येंद्र दहिया ने शिरकत की। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि समिति सदस्य सत्येंद्र दहिया ने कहा कि बच्चों को खसरा रूबेला का टीकाकरण कराना जरूरी है इसके अभाव में बच्चों को अनेक प्रकार की बीमारियां घेर लेती हैं। इसलिए आवश्यक है कि अभिभावक अपने बच्चों को खसरा रूबेला का टीकाकरण जरूर कराएं। स्कूलों का भी दायित्व बनता है कि अगर कोई बच्चा छूट गया तो उसे शहर के आंगनवाड़ी केंद्र या सामान्य अस्पताल में लाकर टीकाकरण अवश्य कराएं। स्वास्थ्य विभाग की टीम में शामिल स्वास्थ्य विभाग के अर्बन कंसल्टेंट डॉक्टर गगन जैन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदर्श नगर के स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर पीयूष की देखरेख में टीकाकरण का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विद्यालय के 900 बच्चों का टीकाकरण किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि खसरा एक जानलेवा रोग है जो वायरस से फैलता है। बच्चों में खसरे के कारण विक्लांगता तथा ऐसे में मृत्यु तक हो सकती है। उन्होंने कहा कि रूबेला एक संक्रामक रोग है। यह भी वायरस से फैलता है तथा इसके लक्षण भी खसरा रोग जैसे होते हैं। टीकाकरण अभियान में स्कूल की प्रिंसिपल रूपाक्षी नारंग एवं एडवाइजर एकेडमीक शशि किंद्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर आदर्श नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मी, आंगनवाड़ी वर्कर और स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।
