बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की होडल में 25 फरवरी को होने वाली जनक्रांति रैली की जनसभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। बहादुरगढ़ में पंचायती राज प्रकोष्ठ के महासचिव सतपाल राठी के कार्यालय पर रैली में बढ़चढ़ कर भाग लेने व इसको सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। इस संबंध में एक बैठक भी हुई। इसमें काफी संख्या में कार्यकर्ताओंं व वार्ड-30 के अनेक निवासियों ने हिस्सा लिया और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हाथ मजबूत करने पर बल दिया।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल राठी ने कहा कि पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जनक्रांति यात्रा प्रदेश में भाईचारा मजबूत करने, खुशहाली लाने व सत्ता में बदलाव करने का काम करेगी। उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास का पहिया फिर से तेजी से घूमेगा। हुड्डा के हाथ मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। साथ में होडल से शुरू होने वाली जनक्रांति यात्रा को सफल बनाने व इसकी तैयारियों को लेकर भी दिन-रात एक कर दिया है। बहादुरगढ़ से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता होडल रैली के लिए शिरकत करेंगे। रैली की तैयारियों व रूपरेखा को लेकर उनके कार्यालय में एक बैठक हुई। इसमें कई प्रमुख बातों को लेकर मंथन भी हुआ। राठी ने कहा कि जब कांग्रेस का शासनकाल था और भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे तो उस दौरान प्रदेश ने हर क्षेत्र में तरक्की की थी। विकास का पहिया जहां तेजी से घूमा था तो वहीं प्रति व्यक्ति आय में भी हरियाणा नंबर वन था। हर वर्ग के लोग कांग्रेस शासनकाल से खुश थे। प्रदेश में भाईचारा मजबूत था और हर कोई खुशहाल नजर आ रहा था। लेकिन जैसे ही भाजपा की जुमलों वाली सरकार बनी तभी से प्रदेश विकास में तो पिछड़ा ही साथ में अपराधों में भी नंबर वन बनकर रह गया। भाजपा की जनविरोधी नीतियों से आमजन, व्यापारी, गरीब, किसान व कर्मचारी परेशान है। लंबे समय से कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन उनकी अनदेखी की जा रही है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्थायी नौकरी व मानदेय में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर आवाज उठा रही है लेकिन उसके बाद भी उनकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। महिला कर्मचारियों के साथ इस तरह की अनदेखी से उनमें रोष बना हुआ है। लोगों में इस जुमलेबाजी वाली सरकार के प्रति गहरा रोष बना हुआ है। आगामी चुनाव में इसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर फिर से कांग्रेस की सरकार बनाएंगे और प्रदेश में फिर से मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बनेंगे। उनके सी.एम. बनने पर फिर से प्रदेश तरक्की की राह पर अग्रसर होगा। राठी के कार्यालय पर होडल रैली को सफल बनाने के लिए बुलाई गई मीटिंग में खेड़ी जट्ट से पूर्व प्रधान राज सिंह गुलिया, रोहतास मलिक, समुंद्र सिंह राठी, मोंटी सोलधा, लक्ष्मण, सरवानंद, धर्मपाल प्रधान, रविंद्र, जितेंद्रपाल, भगवान, राजकुमार, गुड्डू, प्रवेश, अजसय, शिवलाल, कुलदीप समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता व वार्ड-30 के निवासी मौजूद रहे।
-फोटो कैप्शन : पूर्व सी.एम. हुड्डा की होडल रैली को सफल बनाने की रणनीति बनाने सतपाल राठी व अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता।