बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा फरवरी माह में भाईचारे व एकता का संदेश लेकर प्रदेश के कोने-कोने में रथ यात्रा निकालेंगे। इस रथ यात्रा से जहां लोगों को एकजुट किया जाएगा वहीं भाजपा व इनेलो की पोल भी खोली जाएगी। रथयात्रा के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा लोगों से सीधा संवाद करते सरकार की जनविरोधी नीतियों से भी उन्हें अवगत कराएंगे। आगामी प्रदेश के चुनाव में यह रथ यात्रा सत्ता परिवर्तन लाने व फिर से कांग्रेस को सत्ता में काबिज करने का काम करेगी। यह कहना है कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के महासचिव सतपाल राठी का।
सतपाल राठी जो कि रथयात्रा की सफल तैयारियों के सिलसिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी मिले। इस पर पूर्व सीएम ने उन्हें जो भी मार्गदर्शन किया उस पर राठी ने पूरी तरह से खरे उतरने की बात कही। साथ में कार्यकर्ताओं को संगठित करने पर जोर भी दिया। बाद में पत्रकारोंं से बातचीत में सतपाल राठी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी और पिछले 10 साल से भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे तो हरियाणा का भविष्य सुनहरा था और प्रदेश ने विकास की रफ्तार भी पकड़ी हुई थी। प्रदेश में भाईचारा की नींव मजबूत थी और एक के बाद एक नए-नए कीर्तिमान स्थापित भी करता रहा। मगर अब हरियाणा हर क्षेत्र में पिछड़ रहा है। युवाओं को न तो नौकरी के अवसर मिल रहे हैं और न ही रोजगार उपलब्ध हो रहा। यही नहीं विकास के मामले में भी फिसड्डी होता जा रहा है। लोगों का भाईचारा भाजपा ने तोडऩे का काम किया है। राठी ने कहा कि भाजपा शासनकाल में विकास कार्य तो पिछड़े हुए ही हैं साथ में प्रदेश को 3 साल में 3 बार हिंसा की आग में झोकने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि इस सरकार से अब नई विकास परियोजनाएं मंजूरी की तो उम्मीद है नहीं अगर यह सरकार कांग्रेस शासन की मंजूरशुदा परियोजनाओं पर ही काम पूरा कर दें तो भी गनीमत है। कांग्रेसी नेता सतपाल राठी ने कांग्रेस राज में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 2 बार लगातार मुख्यमंत्री रहकर विकास व भाईचारे को मजबूत किया था। लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद न तो लोगों के जनहित में काम ही हो रहे हैं और न ही नई परियोजनाओं को सिरे चढ़ाया गया है। बल्कि प्रदेश को विकास के मामले में पीछे ले जाने का काम किया गया है। यही कारण है कि अब भाजपा से हर वर्ग के लोग परेशान है। बढ़ती महंगाई, जीएसटी की मार से हर कोई परेशान है। किसानों की दुर्दशा हो रही है। यूरिया खाद के लिए भी महिलाओं को लाइनों में लगना पड़ रहा है लेकिन उसके बाद भी पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही बल्कि धक्के मिल रहे हैं। चुनाव से पहले भाजपा ने युवाओं को हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने, विदेशों में जमा काले धन को जब्त कर हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रूपए जमा कराने जैसे झूठे व लुभावने वायदे किए थे लेकिन कोई भी वायदा पूरा नहीं किया बल्कि झूठ और जुमलों तक ही सीमित होकर रह गई। दिनोंदिन क्राइम बढ़ता जा रहा है और पुरुष व महिलाएं बाहर जाने से भी कतराते नजर आते हैं। महिलाओं के साथ भी आपराधिक वारदातें बढ़ती जा रही है। लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही। राठी ने कहा कि जब यू.पी, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश के किसानों का कर्जा माफ किया जा सकता है तो हरियाणा के किसानों का क्यों नहीं। सरकार का भेदभावपूर्ण रवैया ही उन पर भारी पड़ेगा। राठी ने कहा कि जनता ने इनेलो को मुख्य विपक्ष की भूमिका के तौर पर चुना था, लेकिन आज इनेलो भाजपा की सहयोगी पार्टी के रूप में काम कर रही है।
-फोटो कैप्शन: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिलकर कई मुद्दों पर चर्चा करते हुए सतपाल राठी।