बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
बहादुरगढ़ के नया गांव रोड़ स्थित सेठ रामअवतार गोयल गो एवं वन्य जीव उपचार केन्द्र में रविवार को साप्ताहिक हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जजमान के रूप में समाजसेवी सुशील राठी उपस्थित रहे। हवन यज्ञ को विधिवत रूप से सुदामा तायल ने संपन्न करवाया। हवन यज्ञ के पश्चात समाजसेवी सुशील राठी ने बताया कि गोसेवा से बढ़कर समाज में कोई सेवा नहीं है। उन्होंने बताया कि गोधन सेवा समिति बेसहारा व घायल गोवंश व अन्य सभी प्रकार के बेसहारा जीवों का उपचार करके वास्तव में सराहनीय कार्य कर रही है। राठी ने कहा कि मनुष्य की तरह हर प्राणी को पीड़ा होती है। मनुष्य तो घायल होने पर अपना उपचार करवा सकता है परंतु जीव घायल होने पर पूरी तरह हम पर निर्भर रहता है। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि किसी भी घायल जीव को पीड़ा में न रहने दे। प्राणियों में श्रेष्ठ होने के कारण मनुष्य का यह कर्तव्य है कि वह हर बेसहारा घायल जीव की मदद करे। इसी बात को ध्यान में रखते हुए गौधन सेवा समिति समाज में एक अनुकरणीय सेवा कार्य कर रही है। समाजसेवी सुशील राठी ने कहा कि गौधन सेवा समिति के अनुकरणीय सेवा कार्य में समाज के हर वर्ग को अपना हर संभव सहयोग देना चाहिए। राठी ने कहा कि समिति अपने सेवा कार्य के विस्तार के लिए कुछ जमीन खरीद रही है। इसलिए समाज को घायल जीवों के उपचार केन्द्र के विस्तार के लिए खरीदी जाने वाली जमीन में भी अधिक से अधिक सहयोग देना चाहिए ताकि हमारे क्षेत्र में कोई भी बेसहारा घायल जीव उपचार के अभाव में दम ना तोड़े। इस अवसर पर गौधन सेवा समिति के रमेश राठी, बिजेंद्र राठी, अमित आर्य, प. अमित मिश्रा, सुदामा तायल, कृष्ण चावला, राजेंद्र जांगड़ा, नरेश सिंघल सहित अनेक गोसेवक उपस्थित रहे।
