बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को शहर के वैश्य आर्य वरिष्ठ कन्या माध्यमिक विद्यालय में सामाजिक संगठन भगतसिंह मैत्री संस्था द्वारा महिला प्रश्नोतरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद और समाजसेविका अंशु प्रदीप यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूल की प्राचार्या अंजू अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की जबकि मंच संचालन वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्त्ता सत्येंद्र दहिया द्वारा किया गया।
आयोजन में सबसे पहले स्कूल की अध्यापिका रेणु द्वारा महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया। तदोपरांत स्कूल की 11वीं और 12वीं कक्षा की छात्राओं क्रमशः तन्नू, दीक्षा, मुस्कान आदि ने महिलाओं पर कविता पाठ के जरिये उनकी वस्तुस्थिति प्रकट की। इसके बाद आयोजकों की ओर से देश-विदेश की महिलाओं से सम्बंधित प्रश्न छात्राओं से पूछे गए। प्रश्नों का सही जवाब देने वाली सभी छात्राओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंशु प्रदीप यादव ने अपने संबोधन में नारी सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि नारी को खुद से सशक्त होने की जरूरत है और उसे बाह्य आसरे पर निर्भर न होकर अपनी अंदरूनी ताकत और प्रतिभा को निखारना होगा। उन्होंने छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के तीन स्तंभों शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास पर विस्तृत जानकारी देकर उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत मे स्कूल की प्राचार्या अंजू अग्रवाल ने अपने आभार सम्बोधन दिया गया। आयोजकों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक भगतसिंह मैत्री संस्था के अध्यक्ष प्रदीप यादव, सुमन शर्मा, शिक्षिका रेणु, सीमा सहित स्कूल का शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहा।