बहादुरगढ़ आज तक , विनोद कुमार
झज्जर जिला के पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी एवं वरिष्ठ साहित्यकार डा. जय भगवान शर्मा को हरियाणा संस्कृत अकादमी की ओर से महर्षि वेदव्यास सम्मान से अलंकृत किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित टैगोर ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में डा. शर्मा को यह सम्मान देते हुए उनकी साहित्यिक विधा की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि डा. शर्मा ने संस्कृत भाषा सहित अन्य कई काव्य विधा में पुस्तक का लेखन कार्य किया है। हरियाणा साहित्य अकादमी की ओर से भी उन्हें हाल ही में हरियाणवी काव्य लेखन में उनकी श्रेष्ठ रचना यादों का झरोखा को लेकर सम्मान मिला है। डा. जय भगवान शर्मा ने बताया कि हिंदी, संस्कृत व हरियाणवी लेखन में वे निरन्तर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल, प्रधान सचिव वी.उमाशंकर, महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल, हरियाणा संस्कृत अकादमी के निदेशक डा. दिनेश शास्त्री द्वारा साहित्य विधा में किए जा रहे कार्यों पर आभार व्यक्त किया।
डा. जयभगवान शर्मा को महर्षि वेद व्यास सम्मान मिलने पर झज्जर जिला की विभिन्न साहित्य, कला एवं संस्कृति से जुड़ी संस्थाओं ने बधाई दी। बाबू बालमुकुंद गुप्त साहित्य संरक्षण परिषद के महासचिव डा. प्रवीण खुराना ने डा. जयभगवान शर्मा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।