बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
बहादुरगढ़ से सटे गांव सांखोल में संघर्षशील जन कल्याण सेवा समिति नामक संस्था अपने जनहितैषी कार्यों की चर्चा ना केवल हरियाणा बल्कि केंद्र सरकार तक भी पहुंच चुकी है। संस्था के माध्य्म से गांव के बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं सभी गांव के विकास में अपना पूरा योगदान दे रहे हैं।
समिति द्वारा समय-समय पर गांव के दोनों विद्यालय, गालियां-नालियां, शमशान घाट, सचिवालय, मंदिर , दादा भैया, ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्मारक में विशेष सफाई अभियान चलाया जाता हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी समिति सराहनीय कार्य कर रही हैं। समिति सदस्य मेजर सुधीर द्वारा उनके पिता के नाम पर कक्षा पहली से बारहवीं के टॉपर्स को छात्रवृत्ति देने की पहल की है। इसके अलावा गांव के दोनों सरकारी विद्यालयों में शहीदों के चित्र लगवाना, एक-एक लेक्चर स्टैंड, दस से अधिक वाइट बोर्ड का दान और बड़े स्कूल में स्टेज का निर्माण समिति द्वारा करवाया गया। समिति ने गांव के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नव निर्माण के लिए जनता दरबार व अन्य सरकारी महकमों में आवाज उठाकर स्कूल के लिए करीबन चार करोड़ रूपए पास करवाए। समिति द्वारा भारत भाग्य विधाता के नाम से विद्यार्थियों के लिए विशेष पुरस्कार की शुरुआत की गई। इस विशेष पुरस्कार के तहत कक्षा पहली से बारहवीं तक प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले बच्चों को पुरस्कार दिया जाता है।
सामिति द्वारा ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर फ्री मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा सामिति समय-समय पर गांव में स्थित प्राथमिक चिकित्सालय की सफाई व निरीक्षण का कार्य भी करती है।
सामिति ने गांव के तालाब की छंटाई की व उससे निकली मिट्टी से खेल मैदान का भरत किया। इस खेल मैदान में सामिति द्वारा लाइट की व्यवस्था व ट्रैक का निर्माण कराया गया है। इस खेल मैदान पर कबड्डी व अन्य खेल प्रतियोगिताओं के अलावा महिला दिवस पर महिलाओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया जाता हैं। यह समिति गांव के बच्चों को बाहर खिलाने ले जाती है तथा खेलो में विशिष्ट उपलब्धि लाने वाले बच्चों को सम्मानित भी करती है।
समिति सांखोल गांव में जल बचाओ,भविष्य बचाओ अभियान के तहत अभी तक लगभग 300 से अधिक घरो में पानी की टोंटियों पर कैप लगा चुकी है। इसके अलावा ग्रामीणों को जल व्यर्थ न करने के लिए जागरूक भी करती रहती हैं। जल शक्ति मंत्रालय ने भी अपनी पत्रिका में समिति के कार्यों की प्रशंसा की है।
समिति पर्यावरण के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक करती रहती है। इस अभियान में समिति गांव में लोगो को कपड़े के थैले वितरित कर पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की अपील, कूड़े में आग न लगाने की अपील भी करती है। समिति पर्यावरण को स्वच्छ रखने में विशेष योगदान देने वालो को समय-समय पर सम्मानित करती है। समिति द्वारा गांव में अनेक स्थानों पर पौधारोपण किया गया है।
समिति डेंगू से बचाव के लिए गांव के लगभग सभी घरों में जाकर दवाई का छिड़काव व समय समय पर जागरूकता अभियान भी चलाती है। इसके अलावा चुनाव के समय समिति जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को शत प्रतिशत मतदान के लिए भी प्रेरित करती है। इस प्रकार अपने कार्यों से संघर्षशील जन कल्याण सेवा समिति देश की अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रेरणास्त्रोत बन गई है।