बहादुरगढ़ आज तक,विनोद कुमार
वर्तमान अवसाद और भौतिकतवादी युग में धार्मिक ग्रंथ गीता विश्व शांति और सद्भावना के लिये एक प्रेरणा स्रोत है। सब समस्याओं से निजात पाकर आनंदमय जीवन निर्वहन का संदेश एवं मार्गदर्शन हमें गीता के माध्यम से ही मिलता है। गीता जीने का तरीका सिखाती है। यह बात योगाचार्या एवं शिक्षाविद् डा. अंजु अग्रवाल ने जिला उपायुक्त जितेंद्र कुमार को 25 दिसंबर तक प्रदेश स्तर पर कुरूक्षेत्र में मनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव कार्यक्रम के तहत धार्मिक ग्रंथ गीता भेंट करते हुए कही। डा. अंजु अग्रवाल ने उपायुक्त जितेंद्र कुमार को गीता भेंट करते हुए बताया कि भागवत गीता मस्तिष्क के शुद्धीकरण का माध्यम है, जो व्यक्ति को शुद्ध और बुद्ध भी बनाती है और धर्म के लिए हर स्तर पर युद्ध करने का हौसला देती है। डा. अंजु अग्रवाल नेे कहा कि गीता ब्रम्ह विद्या है। हम अहमता और ममता के कारण ही अज्ञानी बने हुए हैं। गीता अज्ञान से मुक्त करती है। मनुष्य को सबसे बड़ा भय मृत्यु और सबसे बड़ा आनंद अमरत्व का होता है, गीता का ज्ञान शोक और मोह से निवृत्ति का सहज साधन है।
उपायुक्त जितेंद्र कुमार ने धार्मिक ग्रंथ गीता ग्रहण करने के उपरांत कहा कि कहा कि संसार का सुख क्षणिक होता है, लेकिन आत्मा का सुख सच्चा है क्योंकि आत्मा कभी नहीं मरती। वेदविहीन विज्ञान के कारण ही विकास के गर्भ से विनाश निकलता है। गीता का ज्ञान आत्मा को परमात्मा से जोड़कर जीवन के संशयों को दूर करता है। बता दे कि योगाचार्या एवं शिक्षाविद् डा. अंजु अग्रवाल इससे पहले हरियाणा के राज्यपाल रहे कप्तान सिंह सोलंकी, आसाम के राज्यपाल प्रोफेसर जगदीश मुखी, भाजपा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम जाजू, केंद्रीय मत्री कृष्ण पाल गुज्जर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, ओंलपियन योगेश्वर दत्त सहित अनेकों गणमान्यजनों को धार्मिक ग्रंथ गीता भेंट कर चुकी है व पिछले कई वर्षों से गीता के प्रचार प्रसार में लगी हुई है। तीन साल पहले झज्जर में जिला स्तर पर मनाए गए गीता जयंती समारोह में जिला प्रशासन की तरफ से गीता के प्रचार प्रसार में सराहनीय योगदान देने पर हरियाणा के तत्कालीन कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा योगाचार्या एवं शिक्षाविद् डा. अंजु अग्रवाल को स्मृति चिह्न व प्रशिस्त पत्र देकर सम्मानित भी किया गया था।
फोटो कैप्शन 1:- उपायुक्त जितेंद्र कुमार को गीता भेंट करते हुए योगाचार्या एवं शिक्षाविद् डा. अंजु अग्रवाल।