बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
वैश्य बी.एड. कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस के उपलक्ष में छात्राओं ने लोगों को बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ स्लोगन बनाकर जागरूक किया। इसके साथ विभिन्न स्कूलों में इंटर्नशिप कर रही महाविद्यालय की भावी-अध्यापिकाओं ने छात्र-छात्राओं को भी
भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करते हुए बताया कि भ्रष्टाचार एक दीमक की तरह है जो हमारे समाज को, हमारी अर्थव्यवस्था को और कुल मिलाकर पूरे देश को खोखला कर रहा है। यह समाज और देश के विकास में बड़ी बाधा है। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ आशा शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार एवं इसके उन्मूलन हेतु कारगर उपायों के प्रति जनता में जागरूकता फैलाने हेतु हर साल 9 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस मनाते है। इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस ‘यूनाइटेड अगेंस्ट करप्शन’ थीम पर आधारित है, जो सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक के रूप में भ्रष्टाचार पर केंद्रित है। भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए युवाओं को न्याय के लिए जुटाना और सशक्त बनाना प्रमुख है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय की भावी अध्यापिकाएं स्कूल के बच्चों में ऐसे संस्कार विकसित कर रही हैं जिससे एक भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र का निर्माण हो सके। इस कार्यक्रम का आयोजन दयानंद सदन द्वारा किया गया।