बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
शहर के बादली रोड पर ट्रक यूनियन के सामने वाले रोड पर सेक्टर 13 में गार्डियन आफ एंजेल्स ट्रस्ट द्वारा संचालित निःशुल्क बेसहारा गौ माता एवं वन्य जीव उपचार केंद्र का प्रथम वार्षिक स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर हुए हवन यज्ञ जे एस एस आर टी ट्रांसपोर्ट के निदेशक सेक्टर 9 निवासी धर्मेंद्र दहिया ने यजमान के रूप में शिरकत करते हुए आहुती डाली। वार्षिक उत्सव में पहुंचने पर यजमान धर्मेंद्र दहिया का उपचार केंद्र के गार्डियन आफ एंजेल्स ट्रस्ट के प्रधान हरि किशन मंगले, उप प्रधान अनिल बिशनोई, जीव सेवक रोहित राठी, जीव सेवक हेमंत यादव, जीव सेवक कार्तिक ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया तथा गौ माता की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया । धर्मेंद्र दहिया ने जीव उपचार केंद्र का अवलोकन करने के दौरान कहा कि गार्डियन आफ एंजेल्स ट्रस्ट द्वारा जिस प्रकार से बेसहारा जीवों की उपचार सेवा की जा रही है वह बहुत ही सराहनीय है । धर्मेंद्र दहिया ने कहा कि सभी साधन संपन्न लोगों का यह फर्ज बनता है कि हम अपनी नेक कमाई में से कुछ हिस्सा इस प्रकार बेसहारा जीवों की निःशुल्क उपचार सेवा करने वाले उपचार केंद्रों में अवश्य दान करें ताकि बेसहारा जीवों की उपचार सेवा बेहतर तरीके से हो सके । धर्मेंद्र दहिया ने उपचार केंद्र का अवलोकन करते हुए कहा कि मनुष्य तो अपने दुख तकलीफ को बोलकर भी सांझा कर लेता है परंतु बेसहारा जीव घायल होने पर इलाज के लिए तरसता रहता है और ऐसे बेसहारा जीव उपचार केंद्र आगे आकर सेवा कार्य कर रहे हैं। इनके सेवा कार्य में हम सभी को अपने सामर्थ्य अनुसार आर्थिक सहयोग जरूर देना चाहिए। इस अवसर पर उपचार केंद्र के संचालक प्रधान हरि किशन मंगले ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस निशुल्क जीव उपचार केंद्र में एक एंबुलेंस की बहुत जरूरत है ताकि घायल गोवंश व अन्य जीवों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु संस्थान तक लाया जा सके। हरि किशन मंगले ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि जीव उपचार केंद्र में एंबुलेंस खरीदने के कार्य हेतु दान देने के लिए दानदाता भक्त फोन नंबर 9992999646 पर संपर्क कर सकते है। यह उपचार केंद्र के वार्षिक कार्यक्रम को सफल बनाने पर सभी चिकित्सकों, सेवादारों तथा दानदाताओं का संस्था के प्रधान हरि किशन मंगले ने आभार जताया।